राजस्थान राज्य के प्रथम चरण की आर्मी भर्ती रैलियों का परिणाम घोषित

जयपुर, 4 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने भर्ती वर्ष 2024-25 के प्रथम चरण की भर्ती रैलियों के दौरान आयोजित सेना भर्ती रैलियों का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम 04 अक्टूबर 2024 को ज्वाईन इंडियन आर्मी की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिया गया है।

जनसम्पर्क अधिकारी अमिताभ शर्मा के अनुसार यह परिणाम अगस्त और सितम्बर 2024 में कोटा, सेना भर्ती कार्यालय, अलवर, सेना भर्ती कार्यालय और जयपुर भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) द्वारा आयोजित की गई। जो कि अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवर ट्रेडसमैन 10वी पास, अग्निवीर ट्रेडसमैन 8वी पास और सिपाही फार्मा और सैनिक तकनीकी (नर्सिंग सहायक) श्रेणियों में हुयी थी। सफल उम्मीदवारों का प्रेषण 22 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2024 तक होगा। उम्मीदवारों को विस्तृत जानकारी के लिए अपने संबंधित सेना भर्ती कार्यालयों से संपर्क करना होगा सफल उम्मीदवार 01 नवंबर 2024 से प्रशिक्षण शुरू करने के लिए सम्बंधित रेजिमेंटल केन्द्रों में शामिल होंगे।

भर्ती रैली का दूसरा चरण दिसंबर 2024 से शुरू होगा, जिसमें जोधपुर, सेना भर्ती कार्यालय की भर्ती रैली जोधपुर में होगी। जिसमें अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस भर्ती रैली भी शामिल है। इसके बाद फरवरी 2025 में झुंझुनू, सेना भर्ती कार्यालय की भर्ती रैली बीकानेर में होगी। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, राजस्थान सफल उम्मीदवारों को हार्दिक बढ़ाई देता है और शेष उम्मीदवारों से अगले साल के लिए अच्छी तैयारी करने का आग्रह करता है। इसके अलावा उम्मीदवारों को दलालों के झांसे में न आने की सलाह दी जाती है, क्योंकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और स्वचालित है और चयन पूरी तरह से योग्यता के आधार पर होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

   

सम्बंधित खबर