महिलाओं को अधिकारों व कृषि तकनीकों पर जागरूक करने हेतु कार्यशाला का आयाेजन
- Admin Admin
- Mar 10, 2025

हरिद्वार, 10 मार्च (हि.स.)। बायफ डेवलपमेंट रिसर्च फाउंडेशन एवं आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में निकटवर्ती गांव रसूलपुर शिवदासपुर में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉक्टर पुरुषोत्तम कुमार ने जानकारी दी कि किसान की प्रमुख फसलों में एक गन्ने की 0238 किस्म में लगातार बीमारियां बढ़ने से गन्ने की फसल खराब हो रही है। साथ ही गन्ने में बढ़ रही बीमारियों का प्रभाव मनुष्य के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। किसानों को गन्ने को बीमारियों से बचाने के लिए बीज को उपचारित कर बुवाई करनी चाहिए तथा किसानों को गन्ने की नर्सरी अवश्य तैयार करनी चाहिए। नर्सरी तैयार करने से ही गन्ने को बीमारियों से बचाया जा सकता है।
उन्होंने किसानों को स्वस्थ गन्ने का बीज उपयोग करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इन दिनों गेहूं की फसल में प्रमुख रूप से येलो रस्ट बीमारी का प्रकोप बढ़ रहा है, इससे फसल को बचाने के लिए किसानों को प्रॉपिकॉनाजोल दवाई का स्प्रे करना चाहिए।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष रीता सैनी ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं है। देश की प्रगति में महिलाओं की समान भागीदारी है। उन्होंने सभी महिलाओं से अपनी बच्चियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देने पर भी जोर दिया। वायफ परियोजना अधिकारी रामकृष्ण ने सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। उन्होंने संस्था द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। साथ ही फार्मर्स फील्ड स्कूल की महिला किसानों के साथ प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई और प्रश्नोत्तरी जितने वाली महिलाओ को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शालू सैनी, रिता सैनी, मीनाक्षी सैनी, रीका सैनी, तनु, प्रद्युम्न कुमार, विपुल सैनी, अमित कुमार, गणपत सिंह, पुनीत कुमार, कुलदीप कुमार, सतीश कुमार, बसंत सैनी आदि महिलाएं एवं किसान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला