दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर संतों ने बांटी मिठाई

-दिल्ली वासियों ने जताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा: यतीश्वरानंद

हरिद्वार, 8 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर संतों ने भूपतवाला स्थित श्री चेतन ज्योति आश्रम में एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद महाराज ने कहा कि दिल्ली में बंपर बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनी है इसके लिए हम सभी दिल्लीवासियों के आभारी हैं। दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को ऐसा नकारा की पार्टी के दिग्गज नेता भी हार गए। भाजपा की रीति-नीतियों से प्रभावित होकर दिल्ली की जनता ने भाजपा पार्टी में विश्वास जताया है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चहुंमुखी विकास कर रहा है।

श्री चेतन ज्योति आश्रम के अध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने कहा कि दशकों बाद दिल्ली में कमल खिला है। दिल्ली के मतदाताओं ने विकास और भ्रष्टाचार मुक्त शासन मॉडल को चुना है। भाजपा पार्टी में सर्व समाज का हित समाहित है। भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का परिणाम है। महंत देवेंद्र दास तोमर एवं महंत शिवम महाराज ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए भाजपा को जिताया है। केजरीवाल के झूठे वादों को जनता ने पूर्ण रूप से नकार दिया है। दिल्लीवासियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान भाजपा सरकार में ही संभव है।

इस अवसर पर स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद, महंत दिनेश दास, श्रवण पांडे, अनिल जोशी, गंगाधर पन्त, प्रमोद पाल, राजेंद्र चंडी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

   

सम्बंधित खबर