हरियाणा के सात जिलों में भाजपा 22 मार्च को मनाएगी बिहार दिवस
- Admin Admin
- Mar 20, 2025

राज्य के सात जिलों में आयाेजन के लिए कमेटियां गठित
चंडीगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में रहने वाले बिहार मूल के लाखों लोगों को अपने साथ जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने 22 मार्च को प्रदेश के सात जिलों में बिहार दिवस कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया है। इन कार्यक्रमों में भाजपा के राज्य स्तरीय नेता शामिल होंगे, ताकि बिहार के लोगों को यह भरोसा दिलाया जा सके कि पार्टी उनके सुख-दुख में बराबर की साझीदार है।
बिहार में इसी साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियों के रूप में देखा रहा है। भाजपा काे इसका फायदा बिहार के चुनाव में मिल सकता है। प्रदेश के जिन सात जिलों में 22 मार्च को बिहार दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है, उनमें यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत और सोनीपत जिले शामिल हैं। आसपास के जिलों में रहने वाले बिहार के लोगों को भी इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया है।
हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने बिहार दिवस कार्यक्रमों के लिए प्रदेश तथा जिला स्तर पर समितियों का गठन किया है। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डाॅ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश समिति का संयोजक बनाया गया है, जबकि पवन यादव, राजकुमार कटारिया व वेद पाराशर को सह संयोजक नियुक्त किया गया है।
हरियाणा में बिहार दिवस का कार्यक्रम भाजपा की बिहार चुनाव की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। यमुनानगर जिले के लिए कृष्ण सिंगला संयोजक, सुरेंद्र शर्मा, विपुल गोयल और राजू सह संयोजक बनाए गए, जबकि कुरुक्षेत्र जिले में रवि बतान संयोजक, तिलकराज अग्रवाल, राजीव राय व विकास चौबे सह संयोजक नियुक्त किए गए हैं। करनाल जिले में मेयर रेणुबाला गुप्ता के पति बृज गुप्ता संयोजक, सुधीर यादव, दीलिप मेहतो व रामप्रीत यादव सह संयोजक बनाए गए हैं। गुरुग्राम जिले में कमल यादव संयोजक, राघवेंद्र सिंह, रामबीर भाटी व पवन यादव को सह संयोजक बनाया गया है।
फरीदाबाद जिले की आयोजन समिति के लिए भाजपा ने राजकुमार वोहरा को संयोजक, विकास सिंह, सुरेंद्र जांगड़ा व पुनीता झा को सह संयोजक नियुक्त किया है। पानीपत जिले के लिए चंदन मिश्रा संयोजक, डा. राजीव, सुनील कंसल व दीपक सिंह सह संयोजक तथा सोनीपत जिले के लिए पार्षद निरंजन संयोजक, राज नारायण सिंह, संजय ठेकेदार, शंकर शास्त्री व अभिमन्यु पटेल सह संयोजक बनाए गए हैं।
बिहार दिवस कार्यक्रम की राज्य समिति की संयोजक डा. अर्चना गुप्ता के अनुसार वैसे तो कार्यक्रम पूरे राज्य में होंगे, लेकिन मुख्य आयोजन सात जिलों में किए जाएंगे। कार्यक्रमों में बिहार की संस्कृति को लोकगीत, नृत्य तथा वहां की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार दिवस कार्यक्रम की खुशियां बांटी जाएंगी। इससे सामाजिक समरसता बढ़ेगी।
दरअसल, 22 मार्च 1912 को बंगाल प्रांत से बिहार और उड़ीसा डिवीजऩ को अलग कर दिया गया था। इसी दिन बिहार को अलग राज्य का दर्जा मिला था। विधानसभा चुनाव के दौरान स्वाभाविक रूप से यह लोग मतदान करने अपने राज्य में जाएंगे। ऐसे में मतदान करते समय उनके दिमाग में भाजपा के इस प्रेम और सम्मान की याद रहना संभव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा