भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हरियाणा का रहेगा विशेष योगदान: नायब सैनी
- Admin Admin
- Apr 04, 2025

चंडीगढ़, 4 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने में हरियाणा का विशेष योगदान रहेगा। इसी तरह से हम सभी को मिलकर हरियाणा के विकास की गति को और तेजी से आगे बढ़ाना होगा। सरकार की नीतियों व कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
मुख्यमंत्री सैनी शुक्रवार को चंडीगढ़ में अंबाला से आए लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और दुनिया में भारत का नाम ऊंचा हुआ है। अब भारत सुरक्षित, लोगों के हितों को सर्वोपरि रखने वाला, तीव्र गति से विकसित होने वाला राष्ट्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा की जनहितैषी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। पात्र व्यक्तियों को चिंता करने की जरूरत नहीं हैं, क्योंकि सरकार उनके हितों का पूरा ख्याल रख रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हरियाणा का विकास तेज गति से हो रहा है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिली हैं। ट्रिपल इंजन की सरकार तीन गुना तेजी से काम करके देश व प्रदेश में विकास कार्यों में बढ़ोतरी करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा की सरकार ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो किसानों की सभी फसलों को शत प्रतिशत एमएसपी पर खरीद रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीने में 1.50 लाख लोग संत कबीर कुटीर में उनसे मिलने पहुंचे, जिनमें से 75 हजार लोगों के काम किए गए। अन्य लोगों के काम भी तीव्र गति से किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीम राव अंबेडकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट का उदघाटन और यमुनानगर में 800 मेगावाट बिजली की नई यूनिट का शिलान्यास करने आ रहे हैं। इस यूनिट पर 7272 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जो कि वर्ष 2028 के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में यमुनानगर में पहुंचे। इस मौके पर मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी, पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व मंत्री संतोष सारवान, बंतो कटारिया सहित काफी गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा