इस बार बन्नू बिरादरी वीआईपी संस्कृति से हटकर मनाएगा 77वां दशहरा महोत्सव

-100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ नागरिक डॉ यूसी चांदना करेंगे प्रतिनिधित्व

-मुजफ्फरनगर से दक्ष कारीगर बना रहे रावण, कुम्भकरण व मेघनाथ का पुतला

-पहले आओ-पहली कतार में कुर्सी पाओ के तहत मिलेगा सबसे आगे बैठने का मौका

देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बन्नू बिरादरी की ओर से इस बार 77वां दशहरा महोत्सव बन्नू स्कूल रेसकोर्स के मैदान में आकर्षक एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। बन्नू बिरादरी के अध्यक्ष हरीश विरमानी ने बताया है कि इस वर्ष का दशहरा पर्व आम जनता के लिए समर्पित रहेगा। इसे वीआईपी संस्कृति से पूरी तरह से दूर रखा जाएगा। इस वर्ष दशहरा पर्व की मुख्य अतिथि देहरादून की सम्मानित जनता होगी, जिनका प्रतिनिधित्व मंच पर 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ नागरिक डॉ यूसी चांदना करेंगे।

दशहरा के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बन्नू बिरादरी की ओर से युद्ध स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। रावण, कुम्भकरण व मेघनाथ के पुतलों को निर्मित करने के लिए मुजफ्फरनगर से दक्ष कारीगर बुलाए गए हैं, जो 50 फुट के रावण, 45 फुट के मेघनाथ एवं 40 फुट के कुम्भकरण के पुतले और स्वर्णजड़ित भव्य लंका के निर्माण में जुटे हैं।

हरीश विरमानी ने बताया कि बढ़ते यातायात जाम के कारण आम जनता को होने वाली परेशानी को देखते हुए रावण दहन से पूर्व गोपीनाथ मंदिर से परेड ग्राउंड तक निकलने वाली शोभायात्रा इस बार नहीं निकलेगी। इसके स्थान पर बन्नू स्कूल के विद्यार्थी रावण दहन से पूर्व श्रीरामचंद्र की जीवनलीला का सजीव मंचन करेंगे। रावण दहन के पश्चात बन्नू स्कूल के मैदान में आतिशबाजी की जाएगी। इसके लिए कैथल हरियाणा से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं, जो राष्ट्रीय पर्यावरण इंजीनियरिंग अनुसंधान संस्थान द्वारा निर्धारित मानकों वाले ईको फ्रेंडली ग्रीन पटाखे आतिशबाजी के समय जलाएंगे। इससे वातावरण में वायु प्रदूषण बढ़ने की कोई भी संभावना नहीं होगी। दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में पहले आओ-पहली कतार में कुर्सी पाओ नियम के तहत आम जनता को सबसे आगे बैठने का स्थान मिलेगा।

दशहरा उत्सव को भव्य बनाने के लिए बन्नू बिरादरी अध्यक्ष हरीश विरमानी की देखरेख में बन्नू बिरादरी प्रबंध समिति कार्यकारिणी के मनीष गेरा, हरीश गुलाटी, संतोख नागपाल, विक्की खन्ना, तिलकराज चांदना, राम भाटिया, संजय भाटिया, सुरेश भाटिया, अजय कथूरिया अथक प्रयास कर रहे हैं।

बन्नू बिरादरी अध्यक्ष हरीश विरमानी ने बताया कि बन्नू स्कूल रेसकार्स में 12 अक्टूबर ​शनिवार को शाम चार बजे कार्यक्रम प्रांरभ होगा। शाम साढ़े पांच बजे लंका दहन होगा। छह बजकर पांच मिनट पर रावण दहन के बाद आतिशबाजी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कमलेश्वर शरण

   

सम्बंधित खबर