मंदसौर: उप मुख्यमंत्री देवड़ा एवं सांसद सुधीर गुप्ता ने पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ किया

प्रदेश के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में खोलें जायेंगें पासपोर्ट कार्यालय - उप मुख्यमंत्री देवड़ा

मंदसौर 21 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं सांसद सुधीर गुप्ता द्वारा बुधवार को नवीन कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 101 में पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गरोठ विधायक चंद्रर सिंह सिसोदिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, पार्षद भारती पाटीदार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शीतांशु चैरसिया आदि उपस्थित थे।

शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि आज हम सभी के लिए खुशी का क्षण है। मध्य प्रदेश में सबसे पहली बार 1978 में भोपाल में पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ हुआ था। मंदसौर जिले में पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ आज हुआ है। मंदसौर जिले के लिए यह सबसे बड़ी उपलब्धि है। आने वाले समय में हर लोकसभा क्षेत्र में इस तरह के एक-एक पासपोर्ट कार्यालय शुरू होंगे। अब पासपोर्ट बनाने के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। सीधे मंदसौर से ही पासपोर्ट बन जाया करेगा। प्रधानमंत्री ने जनता की तकलीफों को दूर करने का काम किया है। उन्हीं का परिणाम है कि आज मंदसौर जिले में पासपोर्ट कार्यालय शुरू हुआ। सांसद सुधीर गुप्ता द्वारा कहा गया कि पासपोर्ट कार्यालय के पीछे रोजगार के असीम अवसर छुपे हुए हैं। भारत सरकार ने विगत 10 वर्षों में पासपोर्ट बनाने की प्रक्रियाओं को और आसान किया है। आने वाले समय में नीमच में भी पासपोर्ट कार्यालय शुरू हो इसके लिए प्रयास किया जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया

/नेहा

   

सम्बंधित खबर