सड़क दुर्घटना में एक की मौत, चार घायल

उदालगुड़ी (असम), 23 फरवरी (हि.स.)। उदालगुड़ी जिलांतर्गत कलाईगांव बननगुड़ी रोड पर हुई एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। हादसा की वजह सड़क के बीच में बने बड़े गड्ढे में एक तेज रफ्तार कार के गिरकर पलटने के चलते हुआ। हादसे में चार अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि एक ऑल्टो कार (एएस-01एमसी-2034) गुवाहाटी से उदालगुड़ी जा रही थी। इसी दौरान बननगुड़ी के चिंतागांव में गत वर्ष आई बाढ़ के चलते सड़क के बीच में बने गड्ढे में कार घुसकर पलट गयी। टूटी हुई सड़क पर लोक निर्माण विभाग के द्वारा किसी भी प्रकार का कोई संकेत नहीं बनाया गया था, जिसके चलते इतना बड़ा हादसा हो गया। बीती देर रात को हुए हादसे में वाहन चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार चार लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए गंभीर हालत में उदालगुड़ी सिविल अस्पताल भेजा गया। हालांकि, मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक की पहचान तामुलपुर जिला के अमरज्योति डेका के रूप में हुई है। पुलिस इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर