हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में बीते 10 वर्षों में 50 हजार करोड़ का विकास हुआ : जयंत सिन्हा

हजारीबाग, 28 फरवरी (हि.स.)। सांसद सह अध्यक्ष वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति जयंत सिन्हा ने बुधवार को हजारीबाग स्थित भाजपा कार्यालय अटल भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान पिछले 10 वर्षों में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आये परिवर्तन के विषय में विस्तार से बताया। जयंत सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में 50 हजार करोड़ का विकास हुआ है, जिसने क्षेत्र में क्रांति लायी है।

सिन्हा ने कहा कि 20 हजारीबाग करोड़ का पतरातू सुपर थर्मल पावर प्लांट, 15 हजार करोड़ की खनन परियोजनाएं, पांच हजार करोड़ के राष्ट्रीय राजमार्ग, चार हजार करोड़ की रेल परियोजनाएं, दो हजार करोड़ का जिला खनिज मद, दो हजार करोड़ का मेडिकल कॉलेज व अस्पताल, एक हजार करोड़ का भारतीय कृषि अनुसन्धान केंद्र और एक हजार करोड़ की कोनार डैम जलापूर्ति और गैस पाइपलाइन की परियोजनाओं को हमने धरातल पर उतारा है। इन सभी परियोजनाओं से क्षेत्र में हजारों रोजगार का सृजन हुआ है।

जयंत सिन्हा ने कहा कि हजारीबाग और रामगढ़ में मोदी सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूलमंत्र पर चलते हुए पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक के उत्थान का मार्ग प्रशस्त कर रही है। हजारीबाग को नॉलेज सिटी बनाएंगे, जिससे क्षेत्र आईटी हब के रूप में उभरेगा और युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बड़ी संख्या में आईटी के रोजगार मिलेंगे।

सिन्हा ने कहा कि युवाओं में कौशल और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के लिए हम विनोबा भावे विश्वविद्यालय को हर साधन देंगे, जिससे उन्हें विश्वस्तरीय शिक्षा मिल पायेगी। हजारीबाग की तरह रामगढ़ में भी मेडिकल कॉलेज को धरातल पर उतारेंगे, जिससे हमारे युवा क्षेत्र में ही डॉक्टरी की पढ़ाई कर सकेंगे। इसके साथ जनता को सहज जीवन देने के लिए क्षेत्र में बेहतर सड़कें, जलापूर्ति, ट्रैफिक व्यवस्था, घरों में गैस पाइपलाइन, चौक-चौराहों पर प्रतिमाओं की स्थापना व सुन्दर पार्कों के निर्माण को और बढ़ावा दिया जाता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ राहुल/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर