मप्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रप्रभाष शेखर का निधन, कांग्रेसजनों ने व्यक्त की शोक संवेदना

भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। पूर्व मंत्री और मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में प्रमुख भूमिका का निर्वहन करने वाले इंदौर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंद्रप्रभाष शेखर का शुक्रवार शाम को देवलोक गमन हो गया। वे विगत एक सप्ताह से अस्वस्थ चल रहे थे। इंदौर के चोइथराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां आज उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली।

यह जानकारी मप्र कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख केके मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि शेखर साहब की अंतिम यात्रा शनिवार, 16 मार्च, 2024 को सुबह 10 बजे उनके निज निवास 518 खातीवाला टेंक, इंदौर से निकलकर रीजनल पार्क मुक्तिधाम जाएगी, जहां उनकी अंत्येष्टि की जाएगी।

गौरतलब है कि चंद्रप्रभाष शेखर मप्र सरकार में कई बार मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष भी रहे हैं। उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक का माहौल बना हुआ है। वहीं, उनके निधन पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी शोक जताया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शेखर के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुये कहा कि उन्होंने इंदौर ही नहीं प्रदेश की राजनीति में संगठन की प्रमुख भूमिका में रहकर संगठन को पूरी सक्रियता के साथ मजबूती दिलाने का काम किया। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाशचंद सेठी, स्वर्गीय अर्जुनसिंह, स्वर्गीय श्यामाचरण शुक्ल, स्वर्गीय मोतीलाल वोरा और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के मुख्यमंत्रित्वकाल में मंत्री के रूप में रहकर जनहित के लिए कार्य किए, वहीं प्रदेश कांग्रेस में कमलनाथ के अध्यक्षीय कार्यकाल में पूरे समय प्रदेश कांग्रेस कमेटी में रहकर प्रदेश भर के कांग्रेसजनों से मेल-मुलाकात और उन्हें पार्टी हित में कार्य करने की प्रेरणा देने की अनूठी कला थी। विधायक, विभिन्न विभागों में कैबिनेट मंत्री के साथ-साथ संगठन में उनका अनुभव हर कांग्रेसजन को हमेशा मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। पार्टी में इस संकट की घड़ी में उनका इस दुनिया से चले जाना पार्टी के लिए एक बड़ी राजनैतिक क्षति हुई है, उनकी इस कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता है।

इस अवसर कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं दिग्विजयसिंह, कांतिलाल भूरिया, अरूण यादव, अजयसिंह राहुल भैया, कमलेश्वर पटेल सहित प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी राजीव सिंह, प्रकाश जैन, अभय दुबे, के.के. मिश्रा, विभा पटेल, जेपी धनोपिया, चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, गोविंद गोयल, भूपेन्द्र गुप्ता, पीयूष बबेले, डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, रवि सक्सेना सहित प्रदेश के सभी नेताओं, मीडिया विभाग के पदाधिकारियों, प्रवक्तागणों ने चंद्रप्रभाष शेखर के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर