कोविड संकट के दौरान स्व. डॉ. हेमंत पाटिल का कार्य अतुलनीय : हितेंद्र ठाकुर

> वसई में नायशा माइंड वेलनेस सेंटर के उद्घाटन के मौके पर बाेले बविआ के विधायक

मुंबई, 12 अप्रैल, (हि. स.)। वसई के प्रसिद्ध चिकित्सक हेमंत पाटील ने कोरोना संक्रमण जैसे संकट काल में वसई-विरार शहरवासियों को बहुत अच्छी चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई। पूरे वसई-विरार क्षेत्र में मनपा के माध्यम से शुरू किए गए कोविड केयर सेंटर की डिजाइन, मेडिकल मैन पावर, आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था, रोगी प्रबंधन आदि सभी कार्यों में डॉ. हेमंत पाटिल सबसे आगे रहे। पर, दुर्भाग्य से वह कोविड से संक्रमित हो गए और उनका निधन हो गया। एक तरह से कोविड संकट के दौरान डॉ. हेमंत पाटिल ने वसई-विरार क्षेत्र के लोगों की सेवा के लिए अपना शरीर त्याग दिया। यह बातें बहुजन विकास आघाडी (बविआ) के विधायक हितेंद्र ठाकुर ने डॉ. हेमंत पाटिल की बहू डॉ. अदिति हिंगे-पाटिल द्वारा वसई में शुरू किए गए मानसिक स्वास्थ्य केंद्र नायशा माइंड वेलनेस के उद्घाटन के अवसर पर कहीं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर पाटिल की मृत्यु वसई-विरार क्षेत्र के चिकित्सा स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। डॉ. पाटिल इस स्थान की अपनी यात्रा समाप्त करते समय परिवार के लिए एक महान विरासत छोड़ गए हैं।

ठाकुर ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. पाटिल के पुत्र स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. साकेत पाटिल और बहू स्वर्ण पदक से सम्मानित मनोचिकित्सक डॉ. अदिति हिंगे पाटिल उनकी विरासत को लंबे समय तक जारी रखेंगे। हितेंद्र ठाकुर ने आगे कहा कि विदर्भ से आए डॉ. हेमंत पाटिल ने वसई को कर्मस्थली माना। यहां के लोगों को स्वास्थ्य की दृष्टि से सर्वोत्तम सेवाएं दी और वसईकरों ने उन्हें अपना लिया। ठाकुर ने कहा कि लोगों को डॉ. पाटिल के परिवार से सीखना चाहिए कि सर्वश्रेष्ठ कार्य कैसे किए जाएं। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि नायशा मेड वेलनेस से वसईकर को सर्वोत्तम मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, उन्होंने इस पहल के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर पूर्व महापौर प्रवीण शेट्टी, पूर्व उपनगराध्यक्ष संतोष वलवईकर, पूर्व महापौर नारायण मानकर, पूर्व नगराध्यक्ष अजय खोकाणी, पूर्व उपनगराध्यक्ष सागर महांबरे, वसई विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष जगदीश राऊत, बैंक के वर्तमान अध्यक्ष आशय राऊत, संचालक राजू पाटील, मनपा स्थायी समिती के पूर्व सभापति तथा वसई जनता सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष संदेश जाधव, विरार के पूर्व नगराध्यक्ष मुकेश सावे सहित बड़ी संख्या में बहुजन विकास आघाडी के पूर्व नगरसेवक, पदाधिकारी और स्थानिक रहिवासी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार

   

सम्बंधित खबर