11 और 12 मई को जम्मू-कश्मीर में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने संभावना

जम्मू, 10 मई (हि.स.)। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 11 और 12 मई को जम्मू-कश्मीर में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश होने संभावना व्यक्त की है।

इस संभावना से पहले ही शुक्रवार को मौसम सुहावना हो गया है। सुबह से ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने के बाद दोपहर में बादल घने हो गए और गर्म हवाएं थोड़ी ठंडी हो गई। इस दौरान जम्मू संभाग के कुछ पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इसी बीच दोपहर में ही जम्मू शहर में धूल भरी आंधी चलना शुरू हो गई। धूल भरी आंधी रूकते ही बादल गरजना शुरू हो गए और हल्की बारिश भी हुई है। मौसम में हुए इस बदलाव से पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे जम्मू के लोगों को थोड़ी राहत मिली है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है लेकिन जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिशष् की संभावना है। उन्होंने कहा कि 11 और 12 मई को कई स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश व बर्फबारी (ऊंचे इलाकों में) होने की संभावना है जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली चमकेगी और तेज हवाएं चलेंगी। 13 मई से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होगी। उन्होंने कहा कि 14-17 मई तक मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है।

इसी बीच श्रीनगर न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड में 10.4 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 7.1 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में 11.4 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा जम्मू में न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस, बटोत में 16.5 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/सुमन/बलवान

   

सम्बंधित खबर