हुगली में भाजपा कार्यकर्ता की मौत, विडियो कॉल पर परिजनों से बातचीत के दौरान रो पड़ीं लॉकेट चटर्जी

हुगली, 07 जून(हि. स.)। लोकसभा चुनाव में बंगाल की हुगली सीट पर भाजपा हार गई है। तृणमूल कांग्रेस की स्टार उम्मीदवार रचना बनर्जी ने गत चुनाव में जीत दर्ज करने वाली भाजपा की लॉकेट चटर्जी को 76 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद हुगली के पांडुआ में रवि सोरेन नाम के एक बीजेपी नेता को दिल का दौरा पड़ा। गुरुवार को उनका निधन हो गया। फिलहाल दिल्ली में मौजूद लाकेट तक कार्यकर्ता के मौत की खबर पहुंची । लॉकेट ने शुक्रवार दोपहर को मृत पार्टी कार्यकर्ता के परिवार से वीडियो कॉल पर बात की। शोक संतप्त परिवार से बात करते समय भाजपा नेता रो पड़ीं।

स्थानीय भाजपा नेतृत्व पांडुआ में मृत भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से मिलने भी गया। उन्होंने वीडियो कॉल कर लॉकेट को वहां के हालात के बारे में बताया। हुगली के चुनाव के नतीजे आने के बाद, भाजपा कार्यकर्ता बुधवार को सभी के साथ ''दावत'' करने की योजना बना रहे थे। लेकिन लॉकेट के हारने की खबर से वह बीमार पड़ गये। उनके सीने में दर्द होने लगा। उसके बाद शारीरिक स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी और उनकी मौत हो गई।

लॉकेट आज मृत पार्टी कार्यकर्ता के परिवार से बात करते समय अपना दर्द नहीं रोक सकी। वह पार्टी कार्यकर्ता की मौत पर फूट फूट कर रोने लगी। हुगली से पराजित भाजपा उम्मीदवार ने बाद में मीडिया से कहा, ''''हर बूथ के कार्यकर्ता जी जान से लड़े। फिर भी हम नहीं जीते। इस सदमे से एक जीवन चला गया। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। मैं जाकर उनसे मिलूंगी। लॉकेट ने यह भी आश्वासन दिया कि चुनाव हारने पर भी वह हुगली के लोगों को नहीं छोड़ेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/धनंजय

   

सम्बंधित खबर