SKM के आह्वान पर बरनाला में किसानों का प्रदर्शन:जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर दिया धरना, केंद्र-राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की; रखी कई मांगें

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के पंजाब चैप्टर के आह्वान पर आज (मंगलवार को) बरनाला में किसानों ने जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रोष जताया और सरकारों के खिलाफ नारेबाजी की। किसान नेताओं ने केंद्र सरकार से आगामी धान के सीजन के लिए खाद, डीजल, यूरिया और डीएपी (DAP) की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे किसानों को खेती में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा, किसानों ने बैंकों द्वारा नकद लेनदेन पर लगाई गई पाबंदियों को तुरंत हटाने की भी मांग की। उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) में पंजाब की स्थायी सदस्यता का अधिकार बहाल करने की भी पुरजोर वकालत की। आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने केंद्र सरकार द्वारा फसलों की एमएसपी (MSP) में की गई मामूली बढ़ोतरी को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को स्वामीनाथन आयोग के C2+50% फॉर्मूले के अनुसार फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी देनी चाहिए। बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए नेताओं ने पंजाब सरकार से मांग की कि नया कर्ज सीमा (क्रेडिट लिमिट) तुरंत लागू किया जाए और नई सीमाएं तय की जाएं। साथ ही उन्होंने सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि 15 मई तक नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है। कर्ज मुक्ति, पेंशन और बिजली संशोधन बिल रद्द करने पर अड़े किसान किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों ने मांग की कि देश के सभी किसानों और मजदूरों को पूरी तरह कर्ज मुक्त किया जाए और 58 वर्ष से अधिक आयु के हर किसान को 10,000 रुपये मासिक पेंशन दी जाए। इसके अलावा उन्होंने डिमांड नोटिस की अवधि बढ़ाकर नए मोटर कनेक्शन जारी करने, बीज बिल और बिजली संशोधन बिल को तुरंत रद्द करने की मांग रखी। साथ ही कृषि क्षेत्र को भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते से बाहर रखने की बात भी कही गई। प्रदर्शन में शामिल हुए ये लोग इस रोष प्रदर्शन में चमकौर सिंह, कमलजीत कौर, जरनैल सिंह, नगिंदर सिंह, भूपिंदर सिंह, गोरा सिंह, मनजीत राज, गुरचरण सिंह, गुरजंट सिंह, राजेंद्र सिंह काहने के, दर्शन सिंह उग्गोके, दर्शन सिंह मेहता, गुरदेव सिंह, नानक सिंह, अमरजीत सिंह, जग्गा सिंह बदरा, हरदीप सिंह, हरभेज सिंह और सौदागर सिंह भोतना सहित सैबर सिंह सेवा केंद्र यूनियन, पंजाब मेडिकल प्रैक्टिशनर्स यूनियन और रोड संघर्ष कमेटी बरनाला के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

   

सम्बंधित खबर