बठिंडा में लूटपाट करने वाले 5 लोग गिरफ्तार:रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को गुमराह कर लूटते थे, हथियार बरामद
- Neha Gupta
- Jun 09, 2026
बठिंडा पुलिस ने देर रात रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को गुमराह कर लूटपाट करने वाले एक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल और अन्य खतरनाक हथियार बरामद किए हैं। कोतवाली पुलिस स्टेशन के इंचार्ज यादविंदर सिंह ने बताया कि एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी। युवक के अनुसार, कुछ लोगों ने उसे रेलवे स्टेशन से गुमराह कर पास की एक बंद इमारत में ले जाकर लूट लिया था। इस शिकायत के आधार पर, कोतवाली पुलिस ने पीसीआर बठिंडा टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से एक पिस्तौल तथा अन्य खतरनाक हथियार बरामद किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये पांचों आरोपी पंजाब के बाहर के रहने वाले हैं और लंबे समय से बठिंडा में रह रहे थे। गिरोह के सदस्य देर रात स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे और उन्हें एक सुनसान इमारत में ले जाकर लूटपाट करते थे। पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उनकी रिमांड मांगेगी। उम्मीद है कि पुलिस रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ में कई और बड़े खुलासे होंगे।

