फर्रुखाबाद के साप्ताहिक बाजार में यूकेलिप्टस गिरने से घायल की मौत

फर्रुखाबाद,7 जुलाई (हि.स.) । अमृतपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हुसैनपुर राजपुर में बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में हुए दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल दुकानदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। पेड़ गिरने की घटना में एक किशोरी समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए थे। दुकानदार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, बुधवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान बाजार के बीच खड़ा एक विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा था। उस समय बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी। पेड़ की चपेट में आने से कई फड़ दुकानें, ग्राहक और वाहन दब गए थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला था।

हादसे में कुम्हरौर निवासी रामप्रकाश पुत्र द्वारिका प्रसाद (72) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया था इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।हादसे में शिवानी पुत्री उपेंद्र कश्यप, निवासी हुसैनपुर, भी घायल हुई थी। वहीं फिरोज मोहम्मद पुत्र इकबाल, निवासी खजुरिया, की चूड़ियों की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। बलराम पुत्र गुलाब तथा वीरेंद्र सिंह पुत्र राम सिंह, निवासी राजेपुर (थाना मिर्जापुर), की कॉस्मेटिक की दुकानें भी पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। एक साइकिल और मोटरसाइकिल भी पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई थी।घटना के समय थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी और चौकी प्रभारी राहुल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और राहत एवं बचाव कार्य कराया था। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।मृतक रामप्रकाश अपने पीछे पत्नी मीना देवी तथा तीन विवाहित बेटियां बबली, प्रीति और रितु को छोड़ गए हैं। उनका कोई पुत्र नहीं है। बीते दिवस हुई इस दर्दनाक घटना के बाद अब इलाज के दौरान उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं स्थानीय लोगों ने बाजार परिसर में खड़े जर्जर एवं खतरनाक पेड़ों को चिन्हित कर हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

   

सम्बंधित खबर