जलालाबाद में दुकान पर GST की रेड पर:अकाली दल ने लगाए दबाव के आरोप, विभाग बोला- यह नियमित कार्रवाई है
- Neha Gupta
- Jul 03, 2026
जलालाबाद के बाहमनी रोड स्थित करन इंटरप्राइजेज पर जीएसटी विभाग की रेड के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। नगर कौंसिल चुनाव के दौरान हुई इस कार्रवाई को विपक्षी दलों ने राजनीति से प्रेरित बताते हुए सत्ताधारी दल पर आरोप लगाए हैं। वहीं जीएसटी विभाग ने इसे नियमित विभागीय कार्रवाई बताया है और किसी भी राजनीतिक हस्तक्षेप से इनकार किया है। शिरोमणि अकाली दल के स्टेट वाइस प्रेसिडेंट अशोक अनेजा ने आरोप लगाया कि नगर कौंसिल चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 5 को लेकर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी इस वार्ड से चुनाव मैदान में हैं और अकाली दल को मिल रहे समर्थन से सत्ताधारी पक्ष परेशान है। अनेजा के अनुसार, वार्ड नंबर 5 के अकाली दल के मुख्य इंचार्ज और करन इंटरप्राइजेज से जुड़े कारोबारी को निशाना बनाने के लिए यह रेड करवाई गई है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी कार्यकर्ताओं को डराने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। मौके पर पहुंचे भाजपा के जिला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कंबोज ने भी कार्रवाई को राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर कौंसिल चुनाव को प्रभावित करने के लिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष बोले- व्यापारी वर्ग अपने साथियों के समर्थन में खड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष बब्बू डोडा ने कहा कि व्यापारी वर्ग अपने साथियों के समर्थन में खड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग नियमानुसार कार्रवाई करता है तो किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन व्यापारियों के साथ किसी प्रकार की धक्केशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि कारोबारी विभागीय जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। वहीं जीएसटी विभाग के ईटीओ कुलविंदर सिंह ने कहा कि यह विभाग की नियमित कार्रवाई का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि जून माह में भी जलालाबाद की कई दुकानों पर जांच की गई थी। इस कार्रवाई के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान के रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर विधायक गोल्डी कंबोज ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उनका इस कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है।

