हाेशियारपुर की ऊंची बस्सी PNB ब्रांच में सेंधमारी:आधी रात को ग्रिल काटकर घुसा चोर; कैश नहीं मिलने पर टैबलेट उड़ाया

होशियारपुर के दसूहा स्थित ऊंची बस्सी में पंजाब नेशनल बैंक में सेंधमारी हुई है। चोर बैंक की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसा, लेकिन कैश लॉकर तक नहीं पहुंच पाया। वह बैंक से एक टैबलेट लेकर फरार हो गया। घटना का पता मंगलवार सुबह तब चला जब घूमने निकले लोगों ने बैंक की खिड़की की ग्रिल टूटी देखी। उन्होंने तत्काल गांव के मुखिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक मैनेजर को बुलाया गया। बैंक के सीनियर मैनेजर निखिल भगत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में चोर के बैंक में घुसने का खुलासा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सोमवार रात 11:41 बजे एक चोर बैंक की बाउंड्री में दाखिल हुआ। उसने एक छोटी आरी की मदद से बैंक की खिड़की की ग्रिल काटना शुरू किया। लगभग 15 मिनट में वह बैंक के अंदर घुस गया। एक घंटे से अधिक समय तक बैंक को खंगाला बैंक के अंदर घुसने के बाद चोर ने एक घंटे से अधिक समय तक पूरे बैंक को खंगाला। हालांकि, वह बैंक के मुख्य कैश लॉकर तक नहीं पहुंच पाया। जाते समय चोर एक टैबलेट लेकर चला गया। बैंक अधिकारियों के अनुसार, जांच में अभी तक केवल एक टैबलेट की चोरी की पुष्टि हुई है और बैंक का सेफ लॉकर पूरी तरह सुरक्षित है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा: पुलिस मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी एसआई मनजोत ने बताया कि पूरी घटना की जांच की जा रही है। पुलिस इलाके के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोर की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर