जालंधर | राष्ट्र-निर्माण और सामुदायिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए डीएवी कॉलेज के 35 से अधिक विद्यार्थियों ने नगर निगम आयुक्त संदीप ऋषि (आईएएस) के मार्गदर्शन में जनगणना सर्वेक्षण में गणनाकर्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने फील्डवर्क का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया तथा अपने सामाजिक और संप्रेषण कौशलों को विकसित किया। विद्यार्थियों के समर्पण और निष्ठा की सराहना करते हुए संयुक्त आयुक्त राजेश खोखर ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार और उप-प्राचार्या श्रीमती सोनिका दानिया का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने युवाओं को इस नागरिक दायित्व के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अनुभवात्मक अधिगम (एक्सपीरिएंशियल लर्निंग) का अवसर देती हैं और उनमें लोकसेवा की भावना जगाती हैं. उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा सिर्फ कक्षाओं तक सीमित नहीं है। जनगणना जैसे जमीनी अभियान विद्यार्थियों को जागरूक, सहानुभूतिपूर्ण और उत्तरदायी नागरिक बनाकर उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करते हैं।

