भास्कर न्यूज | जालंधर जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह की अध्यक्षता में नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में पंजाब सरकार की युद्ध नशे के विरुद्ध मुहिम को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों की ओर से नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाइयों की समीक्षा की और अभियान की नियमित समीक्षा कर गतिविधियों की सतत निगरानी तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस भी उपस्थित रहे। वालिया ने कहा कि जिले से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त कार्रवाई के साथ गांवों और शहरों में जागरूकता अभियान तेज करने तथा ओट क्लीनिकों, नशा छुड़ाने के केंद्रों और पुनर्वास केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि नशे से जुड़ी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। बैठक में नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री, जिला इंचार्ज (शहरी) शैंकी भगत, जिला इंचार्ज (देहाती) अजय भील और हलका कोऑर्डिनेटर ने भी सुझाव साझा किए।

