पेंशन की योजना नहीं रहेगी लंबित, सामाजिक सुरक्षा विभाग तत्काल करें निष्पादन : डीसी

निरीक्षण करते डीसी

रामगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज ने सोमवार को जिला सामाजिक सुरक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का क्रियान्वयन और लंबित मामलों की समीक्षा की। कार्यालय में संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सर्वजन पेंशन योजना, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

डीसी ने लंबित आवेदनों की संख्या, लंबित रहने के कारणों और उनके त्वरित निष्पादन के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। कार्यालय में उपलब्ध अभिलेखों, पंजी संधारण, फाइलों के रख-रखाव एवं कार्यालय व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक लाभुक और आमजन के साथ संवेदनशील और शालीन व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का यथासंभव तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए इन योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने किसी भी पात्र लाभुक को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने देने और सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर