पीएसईबी ने शुरू किया ऑनलाइन टेक्स्टबुक पोर्टल

भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की किताबों की बिक्री सीधे स्कूलों के माध्यम से कराने के सरकार के फैसले का पंजाब बुक डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने विरोध किया है। एसोसिएशन ने सरकार को मांग पत्र भेजकर इस सर्कुलर को तुरंत वापस लेने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि पंजाब के पुस्तक विक्रेता पिछले 50-60 वर्षों से बोर्ड की किताबें बेचकर अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं। नए आदेश के बाद डिपो होल्डरों ने दुकानदारों को किताबें देना बंद कर दिया है, जिससे हजारों दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। एसोसिएशन ने यह भी कहा कि नई व्यवस्था के तहत स्कूलों में किताबें पहुंचने के बाद उनका वितरण शिक्षकों और स्कूल स्टाफ के जिम्मे होगा। इससे शिक्षकों का समय पढ़ाई के बजाय किताबों के वितरण और हिसाब-किताब में लगेगा, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। मांग पत्र में यह भी कहा गया है कि हर वर्ष दुकानदार अपने स्तर पर सभी जिलों में समय पर किताबें उपलब्ध कराते रहे हैं। एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि व्यापारियों और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस सर्कुलर को तुरंत वापस लिया जाए। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पहली से 12वीं कक्षा तक की पाठ्य-पुस्तकों की खरीद के लिए आधिकारिक ऑनलाइन टेक्स्टबुक ऑर्डरिंग पोर्टल शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से स्कूलों के साथ-साथ व्यक्तिगत खरीदार भी घर बैठे किताबें ऑर्डर कर सकते हैं।बोर्ड के अनुसार, पोर्टल से खरीदी जाने वाली पुस्तकों पर 15 प्रतिशत की फ्लैट छूट दी जा रही है। ऑनलाइन ऑर्डर की गई किताबें संबंधित क्षेत्रीय डिपो से प्राप्त की जा सकेंगी।

   

सम्बंधित खबर