लुधियाना| ग्रीन लैंड कॉन्वेंट स्कूल, सिविल सिटी में आज पौधा लगाएं, कल का भविष्य बचाएं विषय के तहत वन महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना था। वन महोत्सव के दौरान सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। प्री-नर्सरी से तीसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने घरों से पौधे लाकर वृक्षारोपण में भाग लिया। चौथी से छठी कक्षा के विद्यार्थियों ने सूखी पत्तियों, नारियल और सब्जियों के छिलकों सहित अन्य जैव-अपघटनीय पदार्थों से जैविक खाद तैयार कर अपशिष्ट प्रबंधन और सतत जीवनशैली का महत्व सीखा। वहीं सातवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने प्रार्थना सभा में वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण पर प्रेरक विचार प्रस्तुत किए। ग्रीन लैंड स्कूल्स चेन के चेयरमैन डॉ. राजेश रुद्रा ने कहा कि वृक्ष धैर्य, शक्ति और निस्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं तथा आज लगाया गया प्रत्येक पौधा हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

