रवनीत बिट्टू ने विधानसभा चुनाव लड़ने की जताई इच्छा:केंद्रीय राज्यमंत्री बोले-17 वर्षों से दिल्ली में हूं; अब पंजाब के लिए काम करूंगा
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा में कार्यकाल पूरा हो गया। बिट्टू ने भी अब पंजाब की सियासत में एंट्री करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा है कि वे पिछले 17 वर्षों से दिल्ली में हैं, लेकिन अब वह विधानसभा में आकर सीधे तौर पर पंजाब की जनता के लिए काम करना चाहते हैं। बिट्टू ने बाकायदा पंजाब में ग्राउंड लेवल पर काम शुरू कर दिया है। बिट्टू के लुधियाना से चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। रवनीत सिंह बिट्टू का कहना है कि पार्टी ने पंजाब की सीनियर लीडरशिप को डबल इंजन की सरकार बनाने का टास्क दिया है। उन्होंने कहा कि यह अन्य पार्टियों की तरह नहीं है। यहां मोदी लीडर हैं और उनकी पूरी टीम काम करती है। सबकी एक ही लाइन होती है। पार्टी का जो आदेश आएगा सभी उसी पर काम करेंगे। 'अटैचियां पैक करके गाड़ियों में रख दी हैं, अब पूरे पंजाब में काम करेंगे' मीडिया से बातचीत के दौरान बिट्टू ने अपने भविष्य के इरादे साझा करते हुए कहा, "मैंने और पूरी सीनियर लीडरशिप ने अपनी अटैचियां पैक करके गाड़ियों में रख दी हैं और अब पूरे पंजाब में काम करेंगे।" उन्होंने कहा कि दिल्ली में 17 साल लोकसभा व राज्यसभा में बिताएं हैं और अब उनकी इच्छा पंजाब की धरती पर लौटकर राज्य की सेवा करने की है। पंजाब में भाजपा सरकार बनाने की चाहत बिट्टू ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मजबूत करने की इच्छा जताते हुए कहा कि मैं पंजाब में भाजपा की सरकार बनाकर राज्य की सेवा करना चाहता हूं। पंजाब को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए भाजपा का सत्ता में आना जरूरी है।" 'पीएम मोदी हमारे लीडर, पार्टी के आदेश पर कर रहे हैं काम' अपनी इच्छा के साथ ही बिट्टू ने यह साफ किया कि अंतिम फैसला पूरी तरह से हाईकमान का ही होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी हमारे लीडर हैं और पूरी टीम उनके पीछे काम करती है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पार्टी ने जो भी ऑर्डर किया है, हम उसी के हिसाब से काम कर रहे हैं। लुधियाना से चुनाव लड़ने की संभावना राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद बिट्टू के इस बयान को बेहद अहम माना जा रहा है। चूंकि वे पहले लुधियाना से लोकसभा सांसद रह चुके हैं और इस क्षेत्र में उनका पुराना आधार है, इसलिए राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं कि वे लुधियाना की ही किसी सीट से विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी की इच्छा रख रहे हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि वे पूरी तरह से पार्टी के अनुशासन और आदेश के मुताबिक ही आगे का कदम उठाएंगे।

