जल शक्ति मंत्रालय हरियाणा के डार्क जोन ब्लॉकों में सुधारेगा भूजल स्तर : सी.आर.पाटिल

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने बजट को बताया हर वर्ग के लिए कल्याणकारी

चंडीगढ़, 12 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर.पाटिल ने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय हरियाणा के डार्क जोन ब्लॉकों में भूजल स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाएगा। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 150 जिलों के विभिन्न ब्लॉक डार्क जोन में आ चुके हैं, जिनमें हरियाणा भी शामिल है। जल शक्ति मंत्रालय का प्रयास हरियाणा के ब्लॉकों को डार्क जोन से बाहर निकालना है और यह कार्य जनभागीदारी के बिना संभव नहीं होगा। इसके तहत, मंत्रालय भूजल पुनर्भरण (रीचार्ज) और जल संचयन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करेगा, जिससे भूजल स्तर में स्थायी सुधार लाया जा सके।

सी.आर पाटिल बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2024 में हरियाणा राज्य को विकास परियोजनाओं के लिए लगभग 76 हजार करोड़ रुपये आवंटित हुए। साथ ही, लगभग 78 हजार करोड़ रुपये अनुदान के रूप में प्राप्त हुए हैं, जिससे हरियाणा तीव्र गति से आगे बढ़े रहा है। वहीं, वर्ष 2014 से पूर्व की सरकार में हरियाणा को केंद्रीय बजट में 19 हजार करोड़ रुपये और अनुदान के रूप में 21 हजार करोड़ रुपये ही मिलते थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें नंबर पर थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में लगातार प्रगति करते हुए आज भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। इस तीसरे टर्म के कार्यकाल में प्रधानमंत्री का विजन इसे तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का है, जिसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बजट में अगले पांच वर्षों में सरकारी विद्यालयों में 50,000 अटल टिंकरिंग प्रयोगशालाएं स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सभी सरकारी माध्यमिक विद्यालयों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को ब्रॉडबेंड कनेक्टविटी से जोड़ा जाएगा। सभी जिला अस्पतालों में डे-केयर कैंसर केंद्र स्थापित करने की भी योजना बजट में रखी गई है। इसी वर्ष 200 केंद्र स्थापित किए जाएंगे। जल शक्ति मंत्रालय को भी 67000 करोड़ जल जीवन मिशन के लिए आवंटित किए गए हैं।

इस मौके पर हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, सूचना जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग और मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर