मुंबई में कबूतरखानों को खोलने के लिए जैन समाज का प्रदर्शन
- Admin Admin
- Aug 06, 2025
मुंबई, 06 अगस्त (हि.स.)। दादर स्थित प्रतिष्ठित कबूतरखाने (कबूतर दाना डालने की जगह) को खोलने के लिए बुधवार को जैन समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लगाए गए प्लास्टिक कवर को तोड़ दिया और कबूतरों को दाना डालना फिर से शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे मुंबई के संरक्षक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि कबूतरखानों को कोर्ट के आदेश के बाद बंद किया गया है। कल इस मामले की सुनवाई कोर्ट में है और सरकार जैन समाज की भावनाओं को कोर्ट में पेश करेगी।
कबूतरों की बीट और उनके पंखों से होने वाले प्रदूषण की वजह से बॉम्बे उच्च न्यायालय ने कबूतरखानों को बंद करने का आदेश जारी किया था और इस मामले की अगली सुनवाई गुरुवार के लिए मुकर्रर की है। मंगलवार को जैन समाज का प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर कबूतरों के प्रति दयाभावना दिखाने की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कबूतरों को दाना डालने पर प्रतिबंध में आंशिक ढील देने की घोषणा की थी और इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश अधिकारियों को दिया था।
इसके ठीक एक दिन बाद बुधवार सुबह लगभग 10 बजे दादर स्थित कबूतरखाने के पास जैन समाज के लोग जमा हो गए और कबूतरखानों पर लगे प्लास्टिक के कवर को खोल दिया गया। इसके बाद जैन समाज के लोगों ने यहां कबूतरों का दाना भी डाला। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा कर कबूतरखानों के पास से हटाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



