मुरादाबाद में दिखा तेंदुआ, वन विभाग ने लगाया पिंजरा

मुरादाबाद, 26 सितम्बर (हि.स.)। जिले के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव किशनपुर गांवड़ी के आसपास एक सप्ताह से तेंदुआ दिखाई दे रहा है। गुरुवार की सुबह छह बजे तेंदुआ गांव के श्मशान मार्ग पर दिखाई दिया। खेतों पर जा रहे किसानाें काे तेंदुआ दिखने पर गांव वापस लौट आए। इसके बाद लाठी-डंडे लेकर ग्रामीण पहुंचे तो तेंदुआ एक खेत में घुस गया। वहीं वन विभाग की टीम ने गांव का निरीक्षण कर शाम को गांव के बाहर पिंजरा लगा दिया।

ग्राम प्रधान नितिन कुमार ने बताया कि मौके पर तेंदुआ के पंजे के निशान भी मिले हैं। तेंदुए के डर के कारण किसान खेतों पर जाने से डर रहे हैं। महिलाओं ने खेतों पर जाना बंद कर दिया है। ग्राम प्रधान की सूचना पर वन विभाग के दरोगा पीयूष जोशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपनी टीम के साथ जंगल में तेंदुए का पता लगाने का प्रयास किया। लेकिन उन्हें तेंदुए का पता नहीं चल सका।

वन दरोगा पीयूष जोशी ने बताया कि शीघ्र वहां पर पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र तेंदुए की गतिविधि बढ़ रही है। करीब 25 गांव तेंदुए से प्रभावित हैं। रोजाना इन गांव में कहीं न कहीं तेंदुआ दिखाई देता है। जंगल में शिकार न मिलने पर गांव के अंदर घुसकर कुत्तों को उठाकर ले जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जयसवाल

   

सम्बंधित खबर