जलगांव में मिलावटी दूध बनाने वाला आरोपित गिरफ्तार

मुंबई, 28 मई (हि.स.)। जलगांव जिले के धरनगांव तहसील में स्थित भवरखेड़ा गांव में मिलावटी और नकली दूध बनाकर बेचने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन धरनगांव पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

फूड सेफ्टी ऑफिसर आकाश कैलाश बोराडे ने गुरुवार को बताया कि फूड एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (एफडीए) को जानकारी मिली थी कि आरोपित सोमनाथ माली दूध में मिलावट का धंधा कर रहा है। इसी जानकारी के आधार पर एफडीए की टीम ने धरनगांव पुलिस स्टेशन के साथ मिलकर घटनास्थल पर छापा मारा और भारी मात्रा में मिलावटी दूध बरामद किया। इसके बाद मामले की जांच में पता चला कि आरोपित केमिकल प्रोसेस से रिफाइंड पाम ऑयल का इस्तेमाल करके नकली दूध बना रहा था। तैयार नकली दूध में फैट बढ़ाने के लिए असली दूध मिलाया जा रहा था। इसके बाद मिलावटी दूध को बेहतर क्वालिटी का बताकर डेयरियों और ग्राहकों को बेचा जा रहा था।

इस मामले में आरोपित के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006 के सेक्शन 26(1), 27(3), 59 और बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में और लोग शामिल हैं या नहीं। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने लोगों से दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स खरीदते समय सावधान रहने की अपील की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर