इतिहास के पन्नों में 02 अक्टूबरः भारत के महान चित्रकार राजा रवि वर्मा का निधन

भारत में पेंटिंग्स के क्षेत्र में अद्वितीय माने जाने वाले राजा रवि वर्मा का 2 अक्टूबर 1906 को 58 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें भारतीय कला के इतिहास में सबसे महान चित्रकारों में से एक माना जाता है।

भारतीय चित्रकला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले राजा रवि वर्मा की पेंटिंग्स आज भी करोड़ों में बिकती हैं। भारतीय घरों से लेकर दुकानों तक देवी और देवताओं के जितने भी पोस्टर या पेंटिंग्स मौजूद हैं, उनके पीछे राजा रवि वर्मा का सबसे अहम योगदान है। उन्होंने ही सबसे पहले अपनी पेंटिंग्स में भगवान और देवियों को इंसानी चेहरा दिया। उन्हें राजा का खिताब लॉर्ड कर्जन ने दिया था।

राजा रवि वर्मा का जन्म 29 अप्रैल 1848 में केरल के त्रावणकोर के किलिमन्नूर गांव में हुआ था। पाँच वर्ष की उम्र में ही उन्होंने घर की दीवार पर आड़े-तिरछे अंदाज में पेंटिंग शुरू कर दी थी। उनके चाचा ने उनकी प्रतिभा को पहचाना। चौदह साल की आयु में वे उन्हें तिरुवनंतपुरम ले गये जहाँ राजमहल में उनकी तैल चित्रण की शिक्षा हुई। बाद में उन्होंने मैसूर, बड़ौदा और देश के अन्य भागों की यात्रा की। उन्होंने पहले पारम्परिक तंजौर कला में महारत प्राप्त की और फिर यूरोपीय कला का अध्ययन किया। उन्होंने भारतीय साहित्य और संस्कृति के पात्रों का चित्रण किया। उनके चित्रों की सबसे बड़ी विशेषता हिंदू महाकाव्यों और धर्मग्रन्थों पर बनाए गए चित्र हैं। हिन्दू देवी-देवताओं का बहुत प्रभावशाली इस्‍तेमाल उनके चित्रों में दिखता है।

अन्य अहम घटनाएंः

1492- ब्रिटेन के किंग हेनरी सप्तम ने फ्रांस पर आक्रमण किया।

1924- राष्ट्रसंघ को शक्तिशाली बनाने के उद्देश्य से लाया गया जेनेवा प्रस्ताव महासभा द्वारा स्वीकृत हुआ किंतु बाद में उसकी पुष्टि नहीं हुई।

1951- श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना की।

1952- सामुदायिक विकास कार्यक्रम की शुरूआत हुई।

1961- बम्बई (अब मुंबई) में शिपिंग कारपोरेशन ऑफ इंडिया का गठन।

1971- तत्कालीन राष्ट्रपति वी.वी. गिरि ने गांधी सदन के नाम से प्रसिद्ध बिड़ला हाउस देश को समर्पित किया।

1982- तेहरान में बम विस्फोट से 60 मरे,700 घायल।

1985- दहेज निषेधाज्ञा संशोधन अधिनियम अस्तित्व में आया।

1988- तमिलनाडु में मंडपम और पम्बन के बीच समुद्र के ऊपर सबसे लंबा पुल खुला।

2000- रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन भारत की चार दिवसीय यात्रा दिल्ली पहुँचे।

2001- 19 देशों के संगठन नाटो ने अफ़ग़ानिस्तान पर हमले के लिए हरी झंडी दी।

2003- हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मैडगेसे भारत की यात्रा पर आये।

2004- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कांगों में 5900 सैनिक भेजने का प्रस्ताव मंजूर किया।

2006- दक्षिण अफ़्रीका ने परमाणु ईधन आपूर्ति मामले पर भारत को समर्थन देने का फैसला किया।

2007- उत्तर व दक्षिण कोरिया के बीच दूसरी शिखर बैठक सम्पन्न हुई।

2012- नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने 20 छात्रों की हत्या की।

जन्म

1997- लवलीना बोरगोहेन - भारतीय मुक्केबाज़ हैं।

1985- भव्या लाल- नासा में भारतीय मूल की अमेरिकी वैज्ञानिक हैं।

1979- हंगपन दादा- 'अशोक चक्र'से सम्मानित भारतीय सेना के जांबाज सैनिक थे।

1974- प्रीतम सिवाच- भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान।

1942- आशा पारेख- प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेत्री।

1933- शंकर शेष- हिन्दी के प्रसिद्ध नाटककार तथा सिनेमा कथा लेखक थे।

1924- तपन सिन्हा- प्रसिद्ध फ़िल्म निर्देशक।

1904- लाल बहादुर शास्त्री- भारत के दूसरे प्रधानमंत्री।

1901- गोकुल लाल असावा- देश की स्वतंत्रता के लिए योगदान करने वाले क्रांतिकारियों में से एक थे।

1900- लीला नाग- प्रसिद्ध बंगाली पत्रकार और महिला क्रांतिकारी थीं।

1891- विनायक पांडुरंग करमरकर- भारत के प्रसिद्ध मूर्तिकार थे।

1869- महात्मा गाँधी- भारत के राष्ट्रपिता।

निधन

1906- राजा रवि वर्मा- विख्यात चित्रकार।

1964- राजकुमारी अमृत कौर- भारत की प्रख्यात गांधीवादी, स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक कार्यकर्ता।

1975- के. कामराज- भारत रत्न से सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री।

1982- सी.डी.देशमुख- ब्रिटिश शासन के अधीन आईसीएस अधिकारी और स्वतंत्रता के बाद भारत के तीसरे वित्त मंत्री।

महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव

अन्तरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस (महात्मा गांधी जयन्ती)

लाल बहादुर शास्त्री जयन्ती

वन्यजीव सप्ताह (2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

   

सम्बंधित खबर