झूठ बोलना छोड़कर हिमाचली होने का धर्म निभाएं जेपी नड्डा: कांग्रेस मंत्री

शिमला, 6 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें झूठ बोलना छोड़कर हिमाचली होने का धर्म निभाना चाहिए। दोनों मंत्रियों ने रविवार को एक संयुक्त बयान में कहा कि जगत प्रकाश नड्डा को झूठ बोल कर देवभूमि हिमाचल प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास नहीं करना चाहिए क्योंकि पिछले बीस माह के कार्यकाल में वर्तमान कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है और यह सच प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है।

दोनों ने कहा कि बेशक जगत प्रकाश नड्डा राज्यसभा में गुजरात का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हिमाचल उनका घर है। इसलिए उन्हें केंद्र सरकार के साथ हिमाचल प्रदेश के हितों की मजबूती के साथ पैरवी करनी चाहिए और राज्य के लोगों को उनका हक दिलवाने में मदद करनी चाहिए।

दोनों मंत्रियों ने कहा कि पिछले वर्ष आपदा से राहत के प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपये का विशेष आर्थिक पैकेज देकर फिर से बसाया है, जबकि अभी भी आपदा के केंद्र सरकार के पास राज्य के लगभग 10 हजार करोड़ रुपए के क्लेम लंबित है। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार के पास एनपीएस के फंसे 9200 करोड़ रुपए और बीबीएमबी एरियर के 4500 करोड़ रुपए हिमाचल प्रदेश को दिलाने में भी उन्हें हिमाचल प्रदेश की मदद करनी चाहिए।

शांडिल और धर्माणी ने कहा कि आपदा के लिए केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को एक पैसे की भी विशेष मदद नहीं मिली और नड्डा प्रदेश की जनता के सामने गलत आकंड़े प्रस्तुत कर रहे हैं। जो धनराशि केंद्र ने दी है, वह देश के सभी राज्यों को केंद्र सरकार से मिलने वाला वार्षिक हक है तथा आपदा का इससे कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा नहीं आती, तब भी यह धनराशि हिमाचल प्रदेश को मिलनी ही थी। हिमाचल प्रदेश देश के संघीय ढाँचे का हिस्सा है, इसलिए केंद्र सरकार से मिलने वाली आर्थिक सहायता राज्य के लोगों के हक है। उन्होंने कहा कि जो पैसा केंद्र सरकार से आर्थिक मदद के रूप में मिलता है, उसकी एक-एक पाई का हिसाब राज्य सरकार के पास है। जगत प्रकाश नड्डा जब भी चाहें, राज्य सरकार उन्हें हिसाब देने को तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर