सड़क पर धान सुखाने की हड़बड़ी से बढ़ रहा खतरा, प्रशासन मौन
- Admin Admin
- Nov 25, 2025


पश्चिम मेदिनीपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर राज्य सड़कों तक जगह-जगह पके धान को सड़क पर सुखाने का चलन तेज हो गया है। किसानों की इस हड़बड़ी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नज़र नहीं आ रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इसे सचेतना की भारी कमी बताया है।
खड़गपुर–बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग 16 से लेकर खड़गपुर–दीघा राज्य सड़क पांच तक कई जगहों पर सड़क के ऊपर धान सुखाते हुए किसान नजर आ रहे हैं। दांतन, बेलदा, नारायणगढ़, खड़गपुर ग्रामीण, केशियारी सहित कई इलाकों में सड़क से गुजरते हर यात्री की यह तस्वीरों पर नजर पड़ती ही है।
अमन धान की कटाई नवंबर के मध्य से पूरे इलाके में जारी है। मशीन से कटाई होने के कारण धान कई जगह कच्ची अवस्था में कट रहा है, जिसे तुरंत सुखाने के लिए किसान खेत के किनारे की सड़क का उपयोग कर रहे हैं। ग्रामीण सड़कों से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय सड़कों पर भी खतरनाक ढंग से धान बिछा दिया जाता है। कई स्थानों पर सड़क का आधा हिस्सा धान से ढका हुआ है, जिससे दोतरफा यातायात प्रभावित हो रहा है।
धान खाने के लिए गली मोहल्लों के गाय-बैलों के सड़क पर आने से कई बार वाहन दुर्घटनाओं का सामना कर रहे हैं। कई चालक और स्थानीय लोग बताते हैं कि इस स्थिति पर प्रशासन अगर सख्ती दिखाए, तो किसान इस तरह सड़क को जोखिमपूर्ण नहीं बना पाएंगे।
उधर किसानों का कहना है कि निम्न दबाव के चलते बारिश की आशंका बनी हुई है। धान को जल्दी सुखाना जरूरी है, वरना खराब होने का डर है। ऐसे में मजबूरी में सड़क पर सुखाना पड़ रहा है।
खड़गपुर–बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग 16 के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय सुंदर घटक ने बताया कि साल में दो बार—अमन और बोरों धान कटाई के दौरान किसान सड़क पर धान सुखाना शुरू कर देते हैं। कई बार राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुपारी भी सुखाते देखा गया है। धान खाने के लिए मवेशियों के आने से दुर्घटनायें बढ़ती हैं। जब तक प्रशासन किसानों को जागरूक नहीं करेगा, समस्या का समाधान संभव नहीं है। हम प्रशासन को हर तरह की मदद देने के लिए तैयार हैं।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप करे, क्योंकि सड़क पर धान सुखाने से लगातार मानव जीवन और यातायात दोनों जोखिम में पड़ रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता



