राज्य और केंद्र सरकार मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के अलावा कुछ नहीं कर रही: पायलट
- DSS Admin
- May 26, 2026
अजमेर, 26 मई(हि.स.)। कांग्रेस महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केंद्र सरकार और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है।
सचिन पायलट मंगलवार को अजमेर आगमन पर मीडिया से बात कर रहे थे। वे यहां पुष्कर में चल रहे कांग्रेस के दिल्ली और राजस्थान के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। पायलट का यहां शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में गेगल इंडस्ट्रियल एरिया में स्वागत किया गया। यहां बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने पायलट के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की और क्रेन के माध्यम से 101 किलो की विशाल माला पहनाई।
नीट पेपर लीक मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पायलट ने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं ने युवाओं और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा व्यवस्था देने में पूरी तरह विफल रही है।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी पायलट ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाने में असफल रही है।
राजस्थान में पंचायत, निकाय और छात्रसंघ चुनाव नहीं कराने के मुद्दे पर भी पायलट ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चुनाव टाले जा रहे हैं, जबकि हाईकोर्ट लगातार सरकार को चुनाव कराने के निर्देश दे रहा है। पायलट ने आरोप लगाया कि बिना जनप्रतिनिधियों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और इससे प्रदेश की जनता को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर कर रही है और चुनाव टालने से विकास कार्य ठप पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगी।
पायलट स्वागत समारोह के बाद पुष्कर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर विजय जैन, महेश चौहान, संग्राम सिंह गुर्जर, राकेश पारीक, बालमुकुंद टांक, हेमंत भाटी, महेंद्र सिंह रलावता, शिवप्रकाश गुर्जर, कमल बाकोलिया, नसीम अख्तर इंसाफ, अंकुर त्यागी, श्याम प्रजापति, प्रताप यादव, अमोलक सिंह छाबड़ा, हितेश्वरी टॉक, कैलाश कोमल, विपिन बैसिल, वैभव जैन, रश्मि हिंगोरानी, बलराम शर्मा, निर्मल बैरवाल, दिनेश शर्मा, शिवराज भडाणा, नीरज यादव, अशोक बिंदल, मनीष चौरासिया, दीपक यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------

