साइबर अपराध से निपटने के लिए मुंबई पुलिस सक्षम : मुख्यमंत्री फडणवीस
- Admin Admin
- Apr 07, 2025

मुंबई, 07 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुंबई में कहा कि साइबर अपराध से निपटने के लिए मुंबई पुलिस सक्षम है। साथ ही मुंबई के पुलिस स्टेशनों को महिलाओं और नागरिकों को हर तरह सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से तैयार कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस सोमवार को आजाद मैदान पुलिस स्टेशन के उत्कर्ष सभागृह में आयोजित मुंबई पुलिस के विभिन्न उपक्रमों के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र साइबर अपराध नियंत्रण में पहले स्थान पर है और मुंबई पुलिस की क्षमता इस दिशा में काफी मजबूत है। एक मामले में मुंबई पुलिस ने 12 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी रोकने में सफलता पाई है। भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए तीन आधुनिक साइबर लैब्स की स्थापना की गई है, जिनका आज उद्घाटन हुआ। डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में पढ़े-लिखे लोग भी ठगी का शिकार हो रहे हैं, इस पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने जनजागृति की आवश्यकता बताई।
उन्होंने अभिनेता आयुष्मान खुराना और निर्माता साहिल कृष्णन को इस जनजागृति अभियान में साथ देने के लिए धन्यवाद भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए तीन भारतीय कानून वास्तव में भारतीय सोच के अनुसार बनाए गए हैं। इनसे गुनाह दर्ज करना, सबूत एकत्र करना और तकनीकी माध्यम से जांच करना और भी आसान होगा। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में रिपोर्टिंग की वृद्धि को उन्होंने एक सकारात्मक संकेत बताया और कहा कि अब महिलाएं सामाजिक दबावों से डरकर शिकायत दर्ज न कर पाने की मानसिकता से बाहर आ रही हैं। महिलाओं की मदद के लिए महिला व बाल सहायता कक्ष सभी थानों में बनाए गए हैं, जिससे महिलाएं बिना किसी डर के अपराध दर्ज करा सकें।
इस कार्यक्रम में गृह राज्यमंत्री योगेश कदम, अपर मुख्य सचिव इक्बाल सिंह चहल, मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर, विशेष पुलिस आयुक्त देवेन भारती और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव