पांवटा साहिब और राजगढ़ में कल होगा मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
- DSS Admin
- May 16, 2026
नाहन, 16 मई (हि.स.)। शहरी नगर निकाय चुनावों के तहत जिला सिरमौर के नाहन, पावंटा और राजगढ में 17 मई को मतदान आयोजित किया जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होगा। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि पोलिंग पार्टियों को ईवीएम तथा अन्य चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया जाएगा, ताकि वे संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सकें।
उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

