अहिल्याबाई की प्रतिमा की स्थापना समाराेह के लिए रवाना हुईं 15 बसें

हाथरस, 30 जून (हि.स.)। माता अहिल्याबाई होल्कर की 301 वीं जयंती पर आगरा के एत्मादपुर में आयोजित प्रतिमा स्थापना समारोह में शामिल होने के लिए सादाबाद से बड़ी संख्या में लोग रवाना हुए। यह कार्यक्रम केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के सानिध्य में आयोजित किया गया।

भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम के नेतृत्व में सादाबाद के हाथरस रोड स्थित एमडी हॉस्पिटल परिसर से 15 बसें एत्मादपुर के लिए रवाना हुईं। इन बसों में बघेल समाज और अन्य समुदायों के लोग सवार थे। रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर लोगों ने माता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम ने इस मौके पर कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति, सुशासन, नारी सशक्तीकरण और जनकल्याण की प्रतीक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में कई मंदिरों, धर्मशालाओं और जनहित के कार्यों को बढ़ावा दिया।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी महान विभूतियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। एत्मादपुर में आयोजित प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम से नई पीढ़ी को माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी। बसों के रवाना होने के समय बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाज के गणमान्य व्यक्ति और आम नागरिक मौजूद थे। सभी ने जयघोष करते हुए कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान किया और माता अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि दी।

   

सम्बंधित खबर