विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता सत्र आयोजित करने का प्रस्ताव

इटानगर, 03 जून (हि.स.)। अरूणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर नगरपालिका की मेयर लिखा नारी तादर ने राज्य शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि इटानगर क्षेत्र (आईसीआर) के प्राथमिक विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता सत्र आयोजित करने का प्रस्ताव पेश किया है ताकि विद्यार्थियों में कम उम्र से ही स्वच्छता और साफ-सफाई की आदतें विकसित की जा सकें।

शिक्षा आयुक्त को लिखे पत्र में तादर ने प्रस्ताव दिया कि सभी प्राथमिक विद्यालयों में प्रतिदिन 10 से 20 मिनट का समय स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और व्यक्तिगत स्वच्छता पर केंद्रित जागरूकता गतिविधियों के लिए आवंटित किया जाए।

तादर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में नागरिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करना और विद्यालयों तथा आसपास के समुदायों में स्वच्छता को बढ़ावा देना है।

प्रस्ताव के अनुसार, विद्यार्थियों को जैविक और अजैविक कचरे को अलग करने, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों में स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका को समझने का महत्व सिखाया जाना चाहिए।

उन्होंने सुझाव दिया कि कार्यक्रम को प्रारंभिक तीन महीनों के लिए प्रतिदिन लागू किया जाए और बाद में विद्यार्थियों में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को सुदृढ़ करने के लिए इसे नियमित अभ्यास के रूप में जारी रखा जाए।

उन्होंने कहा कि यह पहल जिम्मेदार नागरिकता के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी और राजधानी क्षेत्र में स्वच्छता और सफाई में सुधार के व्यापक प्रयासों को समर्थन प्रदान करेगी।

उन्होंने राज्य की शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने और छात्रों में मूल्य-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग के प्रयासों की भी सराहना की।

   

सम्बंधित खबर