सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले आठ हजार से अधिक वाहनाें पर पुलिस ने कसा शिकंजा

जयपुर, 23 जून (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। राज्यभर में 1 जून से 30 जून तक चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत 8 हजार 317 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस अभियान का उद्देश्य वाहनों में किए गए अवैध बदलावों और मोटरयान अधिनियम के उल्लंघनों पर प्रभावी अंकुश लगाकर आमजन के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात डॉ. बी.एल. मीना ने बताया कि इस अभियान के दौरान उन वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिनमें अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, हूटर, एयर हॉर्न, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, वाहन पर अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह तथा वाहन की संरचना में अवैध परिवर्तन जैसे उल्लंघन पाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आंकड़े बताते हैं कि सबसे अधिक 2,873 चालान ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध किए गए। इसके अलावा 1,993 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,312 वाहनों पर अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 951 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 767 वाहनों पर अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 421 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई।

एडीजी डॉ मीना ने बताया कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वाले ऐसे उल्लंघनों के विरुद्ध यह अभियान पूरे जून माह तक निरंतर जारी रहेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर