मप्र के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में फिर गूंजी किलकारी, मादा चीता वीरा ने 2 नन्हें शावकों को दिया जन्म

भोपाल, 04 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान से खुशखबरी सामने आई है। यहां एक बार फिर दो नन्हें चीता शावकों की किलकारी गूंजी है। मंगलवार को मादा चीता वीरा ने दो नन्हें शावकों को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से कहा कि नन्हें चीतों की किलकारी से फिर गूंजा कूनो.. मध्य प्रदेश की 'जंगल बुक' में दो चीता शावकों की दस्तक...। मुझे यह जानकारी साझा करते हुए अत्यंत आनंद की अनुभूति हो रही है कि मध्य प्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। आज मादा चीता वीरा ने दो नन्हें शावकों को जन्म दिया है, मध्य प्रदेश की धरती पर चीता शावकों का स्वागत है। प्रदेशवासियों को इन नन्हें शावकों के आगमन पर हार्दिक बधाई प्रेषित करता हूं।

उन्होंने आगे कहा कि चीता प्रोजेक्ट से संबंधित सभी अधिकारियों, चिकित्सकों एवं फील्ड स्टाफ को बधाई, जिनके अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज मध्यप्रदेश को 'चीतों की धरती' के नाम से भी जाना जाता है। प्रदेश में चीतों का कुनबा निरंतर बढ़ने से प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान मिल रही है, जिससे रोजगार के नये द्वार खुल रहे हैं। हम चीतों के साथ ही समस्त वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्स्थापन के लिए सदैव तत्पर हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

   

सम्बंधित खबर