कश्मीर में लगभग 80 सक्रिय आतंकवादी हैं - लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई

श्रीनगर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीनगर स्थित 15 कोर के निवर्तमान जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने गुरुवार को कहा कि भारतीय सेना ने कश्मीर के लोगों के साथ उचित संपर्क बनाए रखते हुए सीमाओं की रक्षा करने की पूरी कोशिश की है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में लगभग 80 सक्रिय आतंकवादी हैं।

15 कोर मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए घई ने कहा कि कश्मीर में कई महत्वपूर्ण घटनाएं हुई हैं और इस क्षेत्र में बहुत विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। राजीव घई ने कहा कि इस क्षेत्र में कोई सक्रिय आतंकी भर्ती नहीं हुई है जबकि सक्रिय आतंकवादियों की संख्या भी कम हो गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति को बनाए रखना एक चुनौती है जबकि स्थायी शांति के लिए वर्तमान वर्ष और 2023 जैसे कुछ और वर्षों की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर में लगभग 80 सक्रिय आतंकवादी हैं। उन्होंने कहा कि अगले साल के मध्य तक उनकी संख्या और कम हो जाएगी। राजीव घई ने कहा कि सेना ने लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि हम छात्रों को नीट और इस जैसी वभिन्न अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना कश्मीर में ड्रग्स की चुनौती से भी निपट रही है। उन्होंने कहा कि हमने खेल गतिविधियों में भी कई पहल की हैं क्योंकि घाटी के कई युवाओं ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हम संस्कृति को भी बढ़ावा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना राष्ट्र निर्माण के लिए अपनी जिम्मेदारियों से अवगत है। ने सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम कर दिया। इस गर्मी में घुसपैठ की कोशिशें कम हुईं हैं।

घुसपैठ की सफल कोशिशें ज्यादातर कश्मीर में नहीं बल्कि अन्य जगहों पर की गईं। पीर पंजाल रेंज में लगातार हो रहे हमलों का ज़िक्र करते हुए राजीव घई ने कहा कि इस बात की संभावना है कि आतंकवादी कश्मीर में पनाह लेने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादी चलते रहते हैं क्योंकि वे एक जगह पर टिके नहीं रह सकते। उन्होंने आगे कहा कि फरवरी 2021 में घोषित संघर्ष विराम बरकरार है और दोनों तरफ़ से इसका पालन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

   

सम्बंधित खबर