यमुना में दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने के मामले में पुलिस ने गठित की एसआईटी
- DSS Admin
- May 23, 2026
नाहन, 23 मई (हि.स.)। पांवटा साहिब में एक महीने के भीतर यमुना नदी से दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने के मामले में बीते दिनों लोगों द्वारा किए गए हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बाद अब पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। इसी कड़ी में एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी खुद पांवटा साहिब पहुंचे और मामले को लेकर बड़ा कदम उठाया है।
एसपी सिरमौर ने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जाएगी। इसके लिए विशेष जांच टीम का गठन कर दिया गया है, जो हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल करेगी। साथ ही फॉरेंसिक रिपोर्ट भी मंगवाई जा रही है ताकि मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गौरतलब है कि लगातार दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी, जिसके बाद लोगों ने निष्पक्ष जांच और जल्द खुलासे की मांग उठाई थी।
---------------

