शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से दो भाइयों की मौत

पाली, 27 जून (हि.स.)। जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र में बीती रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बहन की शादी से पहले दूल्हन का भाई अपने दो ममेरे भाइयों को बाइक पर लेकर गांव से लौट रहा था। इसी दौरान अखावास-सिनला मार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में महेंद्र (23) और उसके ममेरे भाई राजूराम (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक शंकरलाल (19) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। परिजनों के अनुसार, महेंद्र अपनी बहन की शादी के लिए ममेरे भाइयों को लेकर लौट रहा था। हादसे के बाद परिवार ने गमगीन माहौल में शादी की रस्में पूरी कीं। वहीं राजूराम के घर आठ दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। शनिवार सुबह परिजन और ग्रामीण आर्थिक सहायता की मांग को लेकर मारवाड़ जंक्शन अस्पताल परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। मामले की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर