खोरीबाड़ी पंचायत समिति में अविश्वास प्रस्ताव, बोर्ड पर संकट गहराया

सिलीगुड़ी, 11 जून (हि. स.)। खोरीबाड़ी पंचायत समिति में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को असंतुष्ट सदस्यों ने वर्तमान बोर्ड के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव (नो-कॉन्फिडेंस मोशन) दाखिल कर दिया। यह प्रस्ताव सिलीगुड़ी के महकमा शासक (एसडीओ) के कार्यालय में जमा किया गया, जिसके बाद इलाके की राजनीति गरमा गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पंचायत समिति में कुल 12 सदस्य हैं, जिनमें नौ तृणमूल कांग्रेस और तीन भाजपा के है। बदलते राजनीतिक समीकरणों के चलते अधिकांश सदस्य वर्तमान अध्यक्ष रत्ना राय सिन्हा और बोर्ड से असंतुष्ट बताए जा रहे है। अविश्वास प्रस्ताव पर बहुमत सदस्यों के हस्ताक्षर है। प्रस्ताव देने वाले सदस्यों का आरोप है कि मौजूदा बोर्ड आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया है और क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े है। उन्होंने समिति के भीतर समन्वय की कमी और एकतरफा फैसले लेने का भी आरोप लगाया है।

सदस्यों ने एसडीओ से हस्तक्षेप की मांग करते हुए जल्द से जल्द अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की तारीख घोषित करने की अपील की है, ताकि नया बोर्ड गठित किया जा सके।

वहीं, एसडीओ कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया की जांच की जा रही है। सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जल्द ही अगला कदम उठाया जाएगा और तय समय के भीतर मतदान या नए बोर्ड के गठन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

गौरतलब है कि हाल ही में फांसीदेवा पंचायत समिति की अध्यक्ष रीना एक्का के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था।

   

सम्बंधित खबर