धौलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के सैपयु उपखंड क्षेत्र के गांव ठाकुरदास का नगला में दो भाइयों को सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने के बाद परिजन दोनों भाइयों को लेकर धौलपुर जिला अस्पताल की एमसीएच विंग पहुंचे, जहां आईसीयू में दोनों भाइयों का उपचार किया गया। फिलहाल दोनों भाइयों की हालत खतरे के बाहर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
धौलपुर जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह ने बताया कि ठाकुरदास के नगला के दो चचेरे भाई सत्यनारायण (12) तथा मानव (04) को उनके घर में स्नेक बाइट के बाद धौलपुर जिला अस्पताल लाया गया। पूर्व में ही सूचना मिलने पर एमसीएच विंग में क्विक रेस्पॉन्स टीम को रेडी किया गया। इसके बाद में शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह परमार एवं डॉ. केके गर्ग की टीम के साथ नर्सिंग स्टाफ ने त्वरित उपचार दिया। जिससे दोनों भाइयों की जान बच सकी। डॉ. सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में स्नेक बाइट की घटना बढ़ती हैं। इसलिए घर तथा आसपास के क्षेत्र में सावधानी बरतें। फिर भी यदि ऐसी कोई घटना होती है, तो परिजन मरीज को लेकर सीधे जिला अस्पताल आए। धौलपुर जिला अस्पताल में स्नेक बाइट के उपचार सहित अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्नेक बाइट की घटना के बाद नीम हकीम और झाड़-फूंक करने वालों के पास जाने से बचें। इससे जनहानि हो सकती है।
---------------

