प्रधानमंत्री के 12 वर्षों की यात्रा पर प्रबुद्ध जन संवाद

हरिद्वार, 14 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को लेकर मध्य हरिद्वार स्थित एक होटल में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद किया।

अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य हुआ है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की उन्नति, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, डिजिटल क्रांति और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान मिले हैं तथा 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि 3 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

इसके अलावा 57 करोड़ मुद्रा ऋणों के माध्यम से रोजगार को बढ़ावा मिला है, 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण हुआ है और देश ने 79 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड निर्यात का आंकड़ा हासिल किया है। यूपीआई लेन-देन में 12 हजार गुना की वृद्धि दर्ज की गई है। अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। देश में सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और डिजिटल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है।

उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा विभिन्न विषयों पर सुझाव प्रस्तुत किए।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा की मजबूती, आर्थिक सुधारों और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, पार्षद राजेश शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, तरुण नैयर, मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर