सिडकुल में श्रमिकों का वेतन विवाद सुलझा,उत्पादन कार्य सामान्य
- DSS Admin
- May 18, 2026
हरिद्वार, 18 मई (हि.स.)। सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में संविदा श्रमिकों की वेतन वृद्धि को लेकर उत्पन्न भ्रम और असंतोष की स्थिति अब पूरी तरह सामान्य हो गई है। श्रम विभाग के अनुसार सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में उत्पादन कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और कहीं भी धरना-प्रदर्शन जैसी स्थिति नहीं है।
सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने बताया कि जनपद हरिद्वार के लगभग 25 औद्योगिक प्रतिष्ठानों के श्रमिक वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया और श्रम विभाग को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में उप श्रम आयुक्त एवं सहायक श्रम आयुक्त द्वारा श्रमिकों और प्रबंधन पक्ष के बीच कई दौर की वार्ता कराई गई। वार्ता के दौरान वेतन वृद्धि और महंगाई भत्ते को लेकर फैली भ्रम की स्थिति को दूर करते हुए राज्य सरकार द्वारा जारी न्यूनतम वेतन और परिवर्तनीय महंगाई भत्ते की जानकारी श्रमिकों को दी गई।
प्रशांत कुमार ने बताया कि नॉन इंजीनियरिंग उद्योगों में महंगाई भत्ते की वृद्धि और इंजीनियरिंग उद्योगों में एक अप्रैल से लागू पुनरीक्षित न्यूनतम वेतन की जानकारी श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए जानकारी दी गई है। इसके अलावा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार संवाद स्थापित कर श्रमिकों को जागरूक किया गया।
उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या बहकावे में न आएं। यदि वेतन अथवा अन्य श्रम संबंधी कोई समस्या हो तो सीधे श्रम विभाग से संपर्क करें, ताकि समयबद्ध तरीके से उसका समाधान किया जा सके।
श्रम विभाग के अनुसार प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करते हुए सभी पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया है। वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में औद्योगिक शांति बनी हुई है और सभी प्रतिष्ठानों में श्रमिक सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं।

