धर्मतला से जूनियर डॉक्टरों का ऐलान : मंगलवार को सभी मेडिकल कॉलेजों में 12 घंटे का सांकेतिक भूख हड़ताल

कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि.स.)। आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में हुए नारकीय हत्याकांड के मामले में न्याय की मांग करते हुए धर्मतला में जूनियर डॉक्टरों का भूख हड़ताल गत तीन दिनों से जारी है। अब आंदोलनरत डाक्टरों ने मंगलवार को राज्य के सभी मेडिकल कालेजों में सुबह नौ बजे से 12 घंटे के सांकेतिक भूख हड़ताल का आह्वान किया है। जूनियर्स के फैसले का समर्थन करने के लिए कई वरिष्ठ डॉक्टर भी सोमवार को भूख हड़ताल में शामिल हुए।

सूत्रों के अनुसार, वे 12 घंटे का उपवास रखेंगे। वरिष्ठ डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कर्मचारी उनकी भूख हड़ताल में शामिल होंगे। जूनियर डॉक्टरों ने कहा कि मंगलवार को सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक सांकेतिक उपवास रहेगा। इस भूख हड़ताल में राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के जूनियर डॉक्टर, सीनियर डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कर्मी शामिल होंगे। इसके अलावा जूनियर डॉक्टरों की ओर से 'महारैली' का भी आयोजन किया गया है। मंगलवार को शाम साढ़े चार बजे कॉलेज स्क्वायर से अनशन मंच तक जाकर रैली समाप्त होगी। आम नागरिकों से लेकर हर वर्ग के लोगों को मार्च में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

आर.जी. कर मामले में न्याय और अस्पतालों में स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा समेत दस सूत्री मांगों को लेकर धर्मतला में शनिवार रात से सात जूनियर डॉक्टर भूख हड़ताल पर हैं। सबसे पहले छह लोगों ने भूख हड़ताल शुरू की। रविवार को आर.जी. कर के अनिकेत महतो भी अनशन में शामिल हो गये। राज्य सरकार ने अभी तक भूख हड़ताल कार्यक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। धर्मतला चौराहे पर धरना मंच के आसपास आंदोलनरत डॉक्टरों का हौसला बढ़ाने के लिए आम लोग भी जुटने लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

   

सम्बंधित खबर