कुरुक्षेत्र पुलिस ने लुधियाना से फर्जी CBI अफसर पकड़ा:रिटायर्ड बैंककर्मी से 35 लाख ठगे; ड्रग्स का पार्सल पकड़ने के नाम पर धमकाया
- Admin Admin
- Apr 09, 2025

कुरुक्षेत्र में फर्जी CBI अधिकारी बनकर रिटायर्ड बैंककर्मी से 35 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोपी को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लुधियाना के जगरांव रहने वाले चंचल कुमार उर्फ विक्की ने बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। कुरुक्षेत्र के विद्या सागर के मुताबिक, उनके पास 14 नवंबर को कॉल आई। कॉलर ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताकर उसके नाम से मलेशिया में एक ड्रग्स का पार्सल पकड़ने का हवाला दिया। उसने कहा कि 2 घंटे में बॉम्बे पुलिस में सरेंडर नहीं किया तो 5 साल की जेल और 5 लाख रुपए का जुर्माने होगा। CBI चीफ से कराई बात कॉलर ने उसकी बात एक व्यक्ति से कराई, जिसने खुद को CBI चीफ अनिल यादव बताकर धमकाते हुए उसकी और उसकी पत्नी की बैंक डिटेल्स, FD और खातों की जानकारी ली। उसने धमकाया कि उसके खिलाफ 2 ड्रग्स केस दर्ज हैं। उसने FD तुड़वाकर केस रफा-दफा करने के लिए करीब 35 लाख रुपए से ज्यादा उनके बताए अकाउंट्स में डाल दिए। उन्होंने लगातार और रकम की डिमांड की तो उसे धोखाधड़ी का एहसास हुआ और शिकायत दर्ज कराई। अकाउंट में 10 लाख की एंट्री साइबर क्राइम की टीम ने आरोपी चंचल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खाते में 10 लाख रुपए आए थे, जिन्हें उसने अपने आढ़ती को चेक के जरिए ट्रांसफर कर दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपी चंचल का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।