1984 के दंगे के बाद मुआवजे से वंचित 33 सिख पीड़ितों की सौंपी गई सूची

पलामू, 30 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता सतनाम सिंह गम्भीर को निर्देश दिया था कि वह जिलावार बताएं कि कितने पीड़ितों को मुआवजा नहीं मिला है? इसपर सतनाम मंगलवार को डालटनगंज पहुंचे। श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा साहिब पहुंचने पर सतनाम को इंद्रजीत सिंह डिंपल एवं चनप्रीत सिंह जॉनी ने स्वागत किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार श्री गुरु सिंह सभा के गुरुद्वारा साहिब पहुंचे हुए थे। इंद्रजीत सिंह डिंपल एवं चनप्रीत सिंह जॉनी ने संयुक्त रूप से 1984 सिख दंगा के 33 पीड़ितों की सूची ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन के पूर्वी भारत अध्यक्ष सतनाम सिंह गंभीर को सौंपी, जिन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला है। ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन के पूर्वी भारत अध्यक्ष सतनाम सिंह गंभीर ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि एक भी पीड़ित परिवार मुआवजे से वंचित ना रहे।

उल्लेखनीय है कि सतनाम सिंह गंभीर सिख पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए लगातार झारखंड का दौरा कर रहे हैं। सतनाम ने कहा कि दंगों के 40 वर्ष बाद भी इंसाफ ना मिलना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष अंतिम पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलने तक जारी रहेगा।

इस मौके पर मनमीत लूथरा, हरप्रीत कौर, त्रिलोक सिंह, गुरदेव सिंह, भूपेन्द्र सिंह, रणजीत कौर, मदनमोहन सिंह, प्रताप सिंह, जसप्रीत सिंह, मनजीत सिंह, जसमीत सिंह सहित काफ़ी संख्या में पीड़ित परिवार उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिलीप कुमार/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर