ब्रिगेड मैदान से महिला का अधजला शव बरामद

कोलकाता, 01 मई (हि.स.)। महानगर कोलकाता के प्रसिद्ध ब्रिगेड परेड मैदान में बुधवार सुबह पुलिस ने एक महिला का अधजला शव बरामद किया है। घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

पुलिस ने सुबह करीब साढ़े सात बजे अज्ञात परिचित महिला का शव बरामद किया। स्थानीय लोगों ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड के पश्चिमी किनारे पर शव पड़ा देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मैदान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। खबर है कि शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला का शव सड़ना शुरू हो गया है। साथ ही शरीर का कुछ हिस्सा भी जला हुआ था। पुलिस की शुरुआती धारणा यह है कि महिला की मौत कुछ दिन पहले हुई है। कहीं और से शव को लाकर यहां फेंका गया है। खास बात ये है कि ब्रिगेड परेड मैदान की सुरक्षा पुलिस के जिम्मे है और शाम ढलने के बाद यहां किसी को भी आने-जाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में कौन यहां शव लाकर फेंक गया, यह तेजी से जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर