इंडी गठबंधन के लोग चुनाव के समय कई झूठी बातें करेंगे, उन्हें करारा जवाब देना है : भजनलाल शर्मा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सभा को संबोधित करते हुए

हजारीबाग (झारखंड), 1 मई (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को हजारीबाग के एनडीए प्रत्याशी मनीष जायसवाल के नामांकन में शामिल हुए। इसके बाद हजारीबाग के तर्जन मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाषण की शुरुआत 'जोहार झारखंड' से की और कहा कि इंडी गठबंधन के लोग चुनाव के समय कई झूठी बातें करेंगे। उन्हें करारा जवाब देना है। झारखंड से 14 में से 14 सीट पर एनडीए के प्रत्याशियों को जिताना है।

भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस ने कभी गरीबों की परवाह नहीं की। कभी किसानों की परवाह नहीं की। कभी गांवों की परवाह नहीं की। एक बार चुनाव जीत जाते हैं तो दोबारा क्षेत्र में नहीं जाते हैं। वे झूठ का सहारा ले रहे हैं। कह रहे हैं कि एनडीए सरकार बनने पर संविधान बदल देंगे। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने साफ-साफ कहा है कि संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने की किसी की ताकत नहीं है। अब फेक वीडियो चलाने का काम सोशल मीडिया पर कर रहे हैं।

भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस का कोई भी घोषणा पत्र उठाकर देख ले। उसने अब तक कितना लागू किया है। कांग्रेस सिर्फ घोषणा करती है। यह परिवारवाद के लोग हैं। परिवार की पार्टी है। कोई बेटे को मुख्यमंत्री बनना चाहता है तो कोई पत्नी को मुख्यमंत्री बनना चाहता है। इनको जनता से कोई लेना-देना नहीं है। भ्रष्टाचारियों को शासन सौंपने का काम किया है।

भजनलाल ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। आप गांव का, जिले का परिवर्तन देख लें। प्रदेश का परिवर्तन देख लें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और नक्सलवाद से मुक्ति का काम भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है। आज तक किसी किसान के खाते में पैसा आया था क्या, अब खाते में पैसा आता है और मोबाइल पर सूचना आ जाती है। 20 मई की सुबह 7:00 बजे से लाइन में लगकर लगातार कमल छाप में बटन दबाना है। पहले मतदान और उसके बाद जलपान करना है। हजारीबाग से मनीष जायसवाल को रिकॉर्ड बहुमत से विजयी बनाना है।

इंडी गठबंधन के लोग गैरकानूनी काम करते हैं, इनसे सावधान रहें : बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक-एक वोट भारतीय जनता पार्टी को देना है। कमल छाप पर बटन दबाना है। हजारीबाग से मनीष जायसवाल को रिकॉर्ड बहुमत से चुनाव जीताना है और नरेन्द्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री मोदी ने विकास का बहुत काम किये हैं। इतने कम दिनों में किसी प्रधानमंत्री ने इतना काम नहीं किया।

मरांडी ने कहा कि मोदी ने गरीबों का विकास किया। महिला और बहनों को मान सम्मान दिया। शौचालय देने का काम किया है। गरीबों को घर दिया। गैस कनेक्शन दिया। घर-घर तक बिजली पहुंचाई। घर-घर में नल से पानी देने की योजना शुरू की। इलाज के लिए गरीबों को आयुष्मान कार्ड दिया। गरीबों को कोरोना काल से अब तक मुक्त राशन देने का काम भी कर रहे हैं। अगले पांच साल तक गरीबों को मुफ्त अनाज मिलेगा, ताकि कोई भी गरीब भूखा नहीं सोए। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर देश और झारखंड में विकास के काम हुआ है।

वंशवाद और परिवारवाद का अंतिम चुनाव होने वाला है : अमर बाउरी

नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल में कायाकल्प करके दिखाया है। कांग्रेस और उसके साथी दल 65 सालों में भी नहीं कर पाए। प्रधानमंत्री मोदी ने गांव को सशक्त बनाया है। गरीबों का उत्थान किया है। झारखंड में कांग्रेस और गठबंधन की सरकार ने लोगों को लूटने का काम किया है। इंडी गठबंधन के लोग वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति को मजबूत करने के लिए मैदान में खड़े हैं। लोकसभा का यह चुनाव वंशवाद और परिवारवाद का अंतिम चुनाव होने वाला है।

जो प्रभु राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं : मनीष जायसवाल

प्रत्याशी मनीष जायसवाल ने कहा कि भारत पहली बार ऐसा प्रधानमंत्री देख रहा है, जिनके मस्तक पर त्रिकुंड होता है और गले में रुद्राक्ष माला होती है। इसीलिए भारत का चौतरफा विकास हो रहा है। हिंदी गठबंधन का एक भी नेता प्रभु श्री राम का दर्शन करने आज तक अयोध्या नहीं गया। वोट देने से पहले याद रखेंगे कि जो प्रभु राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं। हजारीबाग के विकास और जनता के सम्मान के लिए हमेशा प्रयास करूंगा। कोई ऐसा काम नहीं छोडूंगा, जिससे आपके मान-सम्मान को ठेस पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार/ वंदना/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर